सिंगरौली | कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए नगर निगम के सभी वार्डो में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा हैं। नगर निगम आयुक्त श्री शिवेन्द्र सिंह ने जानकारी देते हुये बतया इस विश्वव्यापी संकट काल में नगर निगम अमले के द्वारा तनमयता के साथ दी गई जिम्मेदारियो का निर्वहन किया जा रहा है। उन्होने बताया कि नगर निगम अमले के द्वारा शहर के सभी वार्डों में कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। शहर की साफ-सफाई पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। सब्जी मण्डी, बस स्टैण्ड, जिला चिकित्सालय के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों में विशेष साफ-सफाई कराकर इनमें दवा का छिड़काव किया जा रहा है। नगर के द्वारा सभी शासकीय कार्यालयों को सेनेटाइज किया जा रहा है। निगमायुक्त ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियो कर्मचारियो द्वारा व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए अथक प्रयास किया जा रहा हैं। निगम के सफाई अमले के द्वारा सभी वार्डो में प्रति दिन सफाई का कार्य किया जा रहा है।
निगमायुक्त श्री सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराने तथा सामाजिक दूरी बनाये रखने के लिए निगम द्वारा विशेष प्रबंध किये गये है। फल, सब्जी, दवा, दूध एवं किराना दुकानों के बाहर एक-एक मीटर की दूरी पर निशान बनाये गये हैं। सभी दुकानदारों को सामाजिक दूरी तथा कोरोना से बचाव के उपाय करने समझाइश दी जा रही है। उन्होने बताया कि नगर के कई वार्डों में जेटर मशीन से सेनेटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही आम जनो में जागरूकता लाने के उद्देश्य से नगर निगम की प्रतिदिन कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों से आम जनता को सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखने एवं कोरोना से बचाव के संदेश लगातार दिये जा रहे हैं।
जेटर मशीन द्वारा नगर निगम क्षेत्र में किया जा रहा सेनेटाईजेशन का कार्य - आयुक्त नगर निगम सिंगरौली